Thursday, December 16, 2010

मुट्‌ठी भर बीज

 
मुट्‌ठी भर बीज से
करनी है मुझे
हरी भरी समूची पृथ्‍वी
गिनो मत इन बीजों को
मत हँसो इन पर
सिर्फ प्रदक्षिणा करो
दे सको तो दो मुझे
उस जमीन में से गज भर जमीन
जिस पर तुम खड़े हो
अपने हिस्‍से की धूप में से एक टुकड़ा धूप
अंजुलि भर पानी
फिर देखना
तुम्‍हारे देखते ही देखते
मैं उगाउँगा कुछ पेड़
कुछ फूल कुछ फल
कुछ खुशबू कुछ छाया
फलों से निकलेंगे कुछ और बीज
फिर होंगी कुछ और मुटि्‌ठयां बीजों से भरी
रंग उठेगी पृथ्‍वी एक दिन जरूर
हरे रंग से
----
चन्‍द्र प्रकाश श्रीवास्‍तव